रामरेखा घाट पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब 

0
542

सूर्योदय से पहले शुभ मुहूर्त, कंजिया धाम में पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु                                                                    बक्सर खबर। पवित्र कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को शहर में आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है। उदया तिथि के अनुसार इस वर्ष पूर्णिमा 4 नवंबर की रात्रि 10:36 बजे से शुरू होकर 5 नवंबर की रात्रि 6:48 बजे तक रहेगी। इस अवसर पर रामरेखा घाट से लेकर शहर के अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ने लगा है। मंगलवार दोपहर से ही महिलाएं और श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचने लगे हैं। खबर लिखे जाने तक हजारों की संख्या में लोग पवित्र गंगा तट पर जुट चुके थे। प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने बताया कि गंगा स्नान और दान का शुभ मुहूर्त प्रातः 4 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा भगवान शंकर की जटाओं से निकलकर पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इसीलिए गंगा दशहरा और देव दीपावली दोनों पर्व इस तिथि को विशेष रूप से मनाए जाते हैं। सायं काल में भगवान शंकर द्वारा त्रिपुरासुर वध की स्मृति में देव दीपावली का आयोजन किया जाता है।

रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, गोला घाट समेत शहर के प्रमुख घाटों को इस बार भी दीपों, रंगोली और लाइटों से सजाया जा रहा है। देव दीपावली समिति ने घाटों को जगमग करने की पूरी तैयारी कर ली है। शाम ढलते ही सभी घाट दीपमालाओं से नहा उठेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विशेष यातायात रूट बनाए गए हैं ताकि घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ नियंत्रण में रहे। वहीं दूसरी ओर आस्था और विश्वास का प्रतीक कंजिया धाम में बुधवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के मुख्य पुजारी राजेन्द्र उपाध्याय, बिनोद उपाध्याय और धीरज उपाध्याय ने बताया कि बाहर से आए साधु-संतों का आगमन हो चुका है और करीब सात लाख भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। भक्तों के लिए पूड़ी-खीर के प्रसाद की विशाल तैयारी की गई है ताकि कोई भी श्रद्धालु बिना प्रसाद के न लौटे। मंदिर का द्वार सुबह चार बजे से भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन और स्थानीय समिति दोनों ने व्यापक तैयारी की है। मठिला पोखरा के पास वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here