18.410 किलोग्राम गेहूं के नमूने से आंका गया बंपर पैदावार का अनुमान बक्सर खबर। कृषि वर्ष 2025-26 के तहत रब्बी गेहूं फसल के कटनी प्रयोग का निरीक्षण शुक्रवार को सदर प्रखंड के हरिकिशुनपुर गांव में किया गया। इस दौरान अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, पटना के उप निदेशक वीरेन्द्र कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर प्रयोग की प्रक्रिया का जायजा लिया। यह कटनी प्रयोग गांव के कृषक सिद्धनाथ तिवारी के खेत में आयोजित किया गया, जिसे किसान सलाहकार ओम प्रकाश द्वारा संपादित किया गया। प्रयोग 10 मीटर x 5 मीटर के आयताकार क्षेत्रफल में किया गया, जिसमें कुल 18.410 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उपज 36.820 क्विंटल आंकी गई, जो क्षेत्र के लिए उत्साहजनक परिणाम माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कटनी प्रयोग का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल की वास्तविक और सटीक उपज का अनुमान उपलब्ध कराना है, जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मोती कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पीयूष प्रताप सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंकित कुमार, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी जीतेन्द्र कुमार, कृषि समन्वयक कमलेश कुमार पासवान समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय किसान रामगृही पाण्डेय, कल्लू राम, कैलाशपति पाण्डेय, ददन पाण्डेय, रेखा देवी सहित अन्य ग्रामीणों की भी सहभागिता रही।
































































































