द्वार पर सो रहे दादा-पोती को मारी गोली, हालत गंभीर

0
5297

नैनिजोर में आधी रात को हुई सनसनीखेज वारदात, अज्ञात हमलावर फरार                                         बक्सर खबर। शुक्रवार की रात जिले के नैनिजोर थाना क्षेत्र के वार्ड नम्बर 09 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने घर के बाहर सो रहे दादा और पोती को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों की पहचान 65 वर्षीय चतुर यादव और दो साल की चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। उन्हें पहले रघुनाथपुर पीएचसी लाया गया, वहां से आरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना रात करीब 12 बजे की है। चतुर यादव ने बताया कि वह अपनी पोती चांदनी के साथ घर के बाहर द्वार पर सोए हुए थे।

उसी दौरान किसी ने अचानक गोली चला दी। चतुर यादव के पीठ में गोली लगी जो पेट से निकल गई, वहीं चांदनी को कंधे के पीछे गोली लगी और वह भी पेट से निकल गई। दोनों बुरी तरह जख्मी हैं। परिजन घायलों को सबसे पहले नजदीकी पीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए आरा भेज दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। डुमरांव के एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की ओर से बताया गया है कि हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here