गंगा केवल नदी नहीं, हमारी संस्कृति की जीवनरेखा हैं: राजकुमार चौबे 

0
89

अहिरौली घाट पर दिव्य गंगा महाआरती, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब                                                     बक्सर खबर। अहिरौली गंगा घाट पर मंगलवार की शाम कुछ अलग ही नजारा था। मां गंगा की भव्य महाआरती देखने के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। मौका था मां अहिल्या गंगा सेवा दल और विश्वामित्र सेना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 142वें रविवार के पूर्ण होने पर विशेष आरती समारोह का। इस बार की खास बात यह रही कि पहली बार पांच पंडा महाराजों ने एक साथ मां गंगा की महाआरती कराई। भक्ति, मंत्रोच्चार और दीपों की रौशनी से गंगा घाट पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

कार्यक्रम में विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धा पूर्वक आरती में भाग लिया और कहा, “गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की जीवनरेखा हैं। अहिरौली जैसे पवित्र स्थल पर यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना को और मजबूत करता है।” उन्होंने बक्सर के समग्र विकास पर जोर देते हुए कहा कि जैसे अयोध्या और काशी में भव्य विकास कार्य हुए हैं, वैसे ही बक्सर में विश्वामित्र कॉरिडोर का निर्माण और अहिल्या माता का भव्य मंदिर बनना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए आम लोग भी आगे आएं और ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

गंगा आरती में शामिल श्रद्धालु

आयोजन में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय गायक व अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’, वरदराज मंदिर के पीठाधीश्वर, गायक चुन्नू चौबे, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अशोक उपाध्याय, शाहाबाद संयोजक कृष्णा शर्मा, मोहित बाबा, संयोजक पंडित अभय, दीप नारायण चौबे, दीपक, भूलन,अजीत, मनीष, मुकेश, बच्चन जी, दिनेश जी, अजित मांझी, सन्नी दयाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी में कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह दिखा। आयोजन के सफल समापन पर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और संगठनों का आभार जताया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here