किला मैदान के उत्तर में बनेगी पार्किंग, भूमिहीनों के लिए बहुमंजिली आवास योजना को मंजूरी

0
453

बोर्ड बैठक में सात एजेंडों पर मुहर, सीसीटीवी कैमरों का नप कार्यालय में बनेगा कंट्रोल एंड कमांड सेंटर                     बक्सर खबर। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सात महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने की। उन्होंने कहा कि पारित सभी प्रस्ताव आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिए गए हैं। बैठक में शहर में पार्किंग की समस्या को गंभीरता से उठाया गया। लंबे समय से पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए किला मैदान के उत्तर दिशा में स्थित खाली जमीन पर पार्किंग शुरू करने का निर्णय लिया गया।

स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी अहम फैसला लिया गया। कचरा उठाव के बाद सड़क अथवा डंपिंग स्थल पर दोबारा कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से शहर के चिन्हित स्थलों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल एंड कमांड सेंटर नगर परिषद कार्यालय में स्थापित किया जाएगा। इससे निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी और दोषियों पर कार्रवाई संभव हो सकेगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पीएचईडी और बुडको से संबंधित कार्य अब नगर परिषद को हस्तांतरित हो चुके हैं। इनके सुचारू संचालन और प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गोलंबर से ज्योति चौक तक आरसीडी द्वारा बनाए जा रहे नाला निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर भी विचार-विमर्श हुआ। भूमिहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत जमीन चिन्हित कर बहुमंजिली इमारत निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई। इसके अलावा ताड़का नाला को अंडरग्राउंड कर उसके ऊपर मोटरसाइकिल पार्किंग विकसित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे एक ओर जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तो दूसरी ओर पार्किंग की समस्या का समाधान भी निकलेगा।

बैठक में उप चेयरमैन बेबी देवी, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, अंजू सिंह, मनोज कुमार, राजू कुमार राय, दिलीप कुमार, पार्षद चक्रवर्ती चौधरी, दीपक सिंह, राहुल यादव, रिंकी गुप्ता, दिनेश कुमार, गुड्डू कुमार, शहबाज अख्तर, हिटलर सिंह सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक एवं नगर परिषद के कर्मचारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here