गोपीनाथपुर में श्राद्धकर्म व ब्रह्मभोज आयोजित, राजनीतिक–सामाजिक जगत की उमड़ी भीड़ बक्सर खबर। बक्सर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद तेज नारायण सिंह की धर्मपत्नी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका पन्ना देवी के श्राद्धकर्म एवं ब्रह्मभोज का आयोजन बुधवार को इटाढ़ी प्रखंड के गोपीनाथपुर गांव में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकाकुल माहौल में उपस्थित लोगों ने पन्ना देवी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि सभा में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, पूर्व सदर विधायक संजय कुमार तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पन्ना देवी के सरल, सादगीपूर्ण एवं शिक्षाप्रेमी व्यक्तित्व को स्मरण किया।
समाजसेवी ओमजी यादव, राजेश यादव, रामाशंकर सिंह कुशवाहा, सलाहुद्दीन अंसारी, डॉ. एस.एन. सिंह, शाहिद फरीदी, अधिवक्ता रामनारायण, डॉ स्नेहाशीष वर्धन, माधव चंद्र श्रीवास्तव, दीपक यादव, अशोक शर्मा, मुकेश खरवार सहित सैकड़ों लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पन्ना देवी के पुत्र इंजीनियर आलोक सिंह ने बताया कि 15 जनवरी की रात 75 वर्ष की आयु में उनकी माता का निधन हो गया। वह प्राथमिक मध्य विद्यालय धरमपुरा से वर्ष 2008 में प्रधानाध्यापिका पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवानिवृत्ति के बाद वह पारिवारिक जीवन व्यतीत कर रही थीं। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी, जिसके चलते उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग 15 दिनों तक चले उपचार के बावजूद उन्होंने अंतिम सांस ली। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि पन्ना देवी का जीवन शिक्षा, सेवा और संस्कारों को समर्पित रहा, जिसे समाज हमेशा स्मरण रखेगा।





























































































