त्योहारों और पराली की आग से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक बक्सर खबर। जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक और जन-जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को आग से बचाव तथा आपात स्थिति में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी दी जाएगी। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला ने बाजार समिति रोड स्थित गृहरक्षक सह जिला अग्निशमन कार्यालय परिसर से नुक्कड़ नाटक टीम एवं जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण संस्थान की ओर से जिले के विभिन्न गांवों में संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को आग लगने की स्थिति में तुरंत काबू पाने के उपायों तथा आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से आगामी पर्व-त्योहारों और खेतों में पराली जलाने से लगने वाली आग को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की अपील की। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं और आयोजकों को सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया है, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का हर नागरिक आग लगने की स्थिति में सही और त्वरित कदम उठाने के प्रति जागरूक हो। इस अवसर पर जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव, अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी सहित अन्य अग्निशमन कर्मी उपस्थित रहे।































































































