फायर कर्मियों ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, 70 महिला बंदियों ने लिया भाग बक्सर खबर। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के दिशा-निर्देश में मंगलवार को महिला केंद्रीय मंडल कारा में अग्नि सुरक्षा एवं भूकंप से बचाव को लेकर विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रधान अग्निक भानु प्रताप सहित अन्य फायर कर्मी शामिल रहे। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस अभ्यास सत्र में 60 से 70 महिला बंदियों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। फायर कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने सिलेंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य कारणों से लगी आग पर प्रारंभिक स्तर पर काबू पाने की तकनीक का लाइव डेमो प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने, सिर की सुरक्षा करने, अफरा-तफरी से बचने तथा व्यवस्थित तरीके से निकासी की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में महिला जेल अधीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। अग्निशमन विभाग ने बताया कि अगले चरण में जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं निजी अस्पतालों में भी इसी तरह के मॉक ड्रिल आयोजित कर आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।































































































