तीन पेटी दवा गायब कर लूट की झूठी कहानी गढ़ी, एक पेटी बरामद बक्सर खबर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में दवा लूट की कथित घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल पर डमी जांच और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने यह साबित कर दिया कि लूट की पूरी कहानी मनगढ़ंत थी। इस मामले में ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर एक पेटी दवा भी बरामद की गई है। मामला 10 फरवरी की रात करीब आठ बजे का है। नगर थाना क्षेत्र के सियाराम कॉलोनी समीप बस स्टैंड निवासी दवा व्यवसायी आशुतोष कुमार मिश्रा ने नया भोजपुर थाने में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने आरा से 53 पेटी दवा मंगवाई थी। दवा को लाने के लिए वार्ड संख्या 29 निवासी ऑटो चालक मनु कुमार गुप्ता, पिता जवाहर प्रसाद गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई थी। बताया गया कि दवा लेकर लौटते समय चालक ने रात करीब आठ बजे व्यवसायी को फोन कर सूचना दी कि प्रताप सागर पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोक लिया। चालक के अनुसार बाइक पर सवार लोग आए और 53 पेटियों में से तीन पेटी दवा लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद अगले दिन दवा व्यवसायी थाने पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। शुरुआती पूछताछ में ही ऑटो चालक के बयान में कई विरोधाभास सामने आए। पहली बार पूछताछ में चालक ने बाइक पर दो लोगों के सवार होने की बात कही, जबकि दूसरी बार उसने तीन लोगों के आने की जानकारी दी। बयान में इस तरह के बदलाव से पुलिस को संदेह हुआ कि घटना बनावटी हो सकती है। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने खुद मामले की कमान संभाली और अगले ही दिन घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल पर डमी सीन तैयार कर घटना की सत्यता की पड़ताल की। इसके साथ ही चालक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई, जिसमें उसके दावे संदिग्ध पाए गए। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने फिर से ऑटो चालक की भूमिका पर फोकस किया। लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के दबाव में आखिरकार चालक ने सच्चाई उगल दी। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि लूट की पूरी कहानी ऑटो चालक ने खुद ही रची थी। उसने दवा की तीन पेटियों को गायब कर उन्हें खपाने की योजना बनाई थी और शक से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने आरोपी चालक मनु कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर एक पेटी दवा भी बरामद कर ली गई है। गायब हुई दवा मैगजोन प्लस 1.5 ग्राम बताई जा रही है। नया भोजपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और बाकी दवाओं की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।



































































































