जिलाधिकारी ने मैट्रिक-इंटर टॉपर्स और मैराथन विजेताओं को किया पुरस्कृत

0
62

मेधावियों को मिली स्मार्ट वॉच और प्रशस्ति पत्र, गंगा स्वच्छता में जुटी संस्थाएं भी सम्मानित                                       बक्सर खबर। शिक्षा विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला ने की, जिसमें मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा के टॉपर विद्यार्थियों, बिहार दिवस पर आयोजित मैराथन रन फॉर फिट के विजेताओं तथा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए उनके लक्ष्य जाने और सफलता के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। दूरस्थ क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उन्होंने विशेष खुशी जताई। इस अवसर पर डीएम द्वारा टॉपर विद्यार्थियों को स्मार्ट वॉच, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।

मैट्रिक परीक्षा में जिले की अनुपा कुमारी ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इशा कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि लक्ष्मी कुमारी और मुस्कान कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। टॉप-10 में कई अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भी अपनी जगह बनाकर जिले का मान बढ़ाया। इंटर परीक्षा में कला संकाय से संगम कुमारी, वाणिज्य संकाय से स्नेहा कुमारी तथा विज्ञान संकाय से अभिषेक मौर्या ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य स्थानों पर भी छात्रों ने शानदार अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित मैराथन प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सचिन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 5000 रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं बालिका वर्ग में चांदनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं में रूद्रा गुरुकुल, एनसीसी 30 बटालियन, वन प्रक्षेत्र बक्सर, हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड एवं खेल विभाग को सम्मानित किया गया। इन संस्थाओं ने स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण, शपथ एवं नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने सभी संस्थाओं एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here