अग्निशमन विभाग ने किया निरीक्षण, आपात स्थिति से निपटने के बताए उपाय बक्सर खबर। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार को सदर अनुमंडल अग्निशमालय की टीम द्वारा सदर अस्पताल परिसर स्थित दीदी की रसोई में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष निरीक्षण, अग्नि अंकेक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में सब ऑफिसर भानु प्रताप, अग्निक चालक संतोष कुमार एवं अग्निक फंटूश कुमार की टीम ने रसोई परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। साथ ही जीविका दीदियों के साथ बैठक कर आग से बचाव और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत मॉक ड्रिल आयोजित कर कर्मियों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत डायल 101 या 112 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अतिरिक्त विभागीय हेल्पलाइन नंबर 74858 05930 एवं 74858 05931 भी साझा किए गए। अंत में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पंपलेट का वितरण किया गया तथा संस्थान में हमेशा अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।






























































































