जवही दियर में देर रात छापेमारी, छह जिंदा कारतूस बरामद बक्सर खबर। जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। गुप्त सूचना के आधार पर जवही दियर गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी राइफल, एक बंदूक और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जवही दियर गांव के एक घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं।
सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद विशेष टीम गठित कर शनिवार की रात छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर से देसी राइफल, बंदूक एवं छह गोली बरामद हुई। मौके से ही पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जवही दियर गांव निवासी कामेश्वर नाथ यादव के पुत्र राजेश कुमार यादव के रूप में की गई है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।































































































