ब्रह्मकुमारी संस्थान के विशेषज्ञों ने इंजीनियरिंग छात्रों को सिखाए तनाव मुक्ति और आत्म-नियंत्रण के गुर बक्सर खबर। इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शनिवार को ‘मेंटल हेल्थ एंड इनर वेलनेस’ विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को शैक्षणिक दबाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और आंतरिक शांति के महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य प्रो. राम नरेश राय एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्रह्मकुमारी संस्थान की ऋचा दीदी एवं संध्या दीदी उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राम नरेश राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल तकनीकी शिक्षा और डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्म-नियंत्रण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्मकुमारी संस्थान के धर्मेन्द्र भैया ने अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में मन की शक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मन की शांति और सकारात्मक विचार ही जीवन में सफलता की असली कुंजी हैं। मेडिटेशन के महत्व को समझाते हुए उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान से तनाव के स्तर में कमी आती है। व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन का संतुलन बनाए रख सकता है। आत्मचिंतन के माध्यम से व्यक्तित्व को अधिक प्रभावशाली और मजबूत बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक सुरभि रानी ने किया। इस सेमिनार में महाविद्यालय के तमाम प्राध्यापकगणों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।































































































