‌खत्म हुई जिंदगानी, मरने से पहले पुलिस से कहा लंबी है कहानी

0
2404

– अस्पताल में चला उपचार, पुलिस ने बताया किया था विषपान
बक्सर खबर। भरी जवानी में युवक ने विषपान कर जीवन लीला समाप्त कर ली। संयोग देखिए, उसे लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर नगर थाने की टीम भी पहुंची। पुलिस के सामने युवक ने दर्द भरी आवाज में बस इतना कहा, साहब बड़ी लंबी कहानी है। बताने  में बहुत वक्त लगेगा। और मेरे पास अब समय नहीं है। यह कहानी है उस युवक की। जिसने गुरुवार की रात गोलंबर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। नगर थाने की देखरेख में बंटी गुप्ता (25) पिता त्रिलोकी साह का अंत्य परीक्षण कराया गया। वह सिमरी थाना के मझवारी गांव का निवासी था। उसने विषपान क्यों किया? यह जानने के लिए सिमरी थाने से संपर्क किया गया।

उनका कहना था, नगर थाने की देखरेख में कार्रवाई हुई है। वहां से जानकारी मिलेगी। उसके बाद नगर कोतवाल मनोज कुमार से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा, हमारी टीम गोलंबर के निजी अस्पताल में गई थी। शायद वह अंतिम सांसे गिन रहा था। उसने पूछताछ करने वाले अधिकारी के समक्ष विषपान की बात स्वीकार की। लेकिन, ऐसा क्यूं किया। यह बात उसने राज ही रखी। इतना जरुर कहा, बड़ी लंबी कहानी है, क्या बताएं। कोतवाल की यह बातें इतना तो स्पष्ट कर रहीं हैं। युवक किसी बात को लेकर बहुत गमजदा था। तभी तो उसने ऐसा किया। इस बाबत स्थानीय लोगों से बात करने पर पता चला। वह शादीशुदा था।

घर में कुछ कहासुनी हुई होगी। वह घर से निकला और गंगा सेतु से सटे यूपी की सीमा में दाखिल हुआ। वहीं पर उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। और जब तबीयत खराब होने लगी तो वापस लौटा। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसने दम तोड़ दिया। खबर की तस्दीक के दौरान परिवार के लोगों से बात नहीं हो सकी। जवान बेटे को खोने वाले परिजनों से सवाल जवाब करना हमें भी बहुत उचित जान नहीं पड़ा। लेकिन, यहां यह कह देना गैर वाजिब नहीं है। जरा-जरा सी बात पर, जीवन का अंत करना, कहीं से भी जायज नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here