कांग्रेस ने दी चेतावनी, नहीं सुधरी व्यवस्था तो होगा आंदोलन बक्सर खबर। शहर के वार्ड नंबर तीन में बहुप्रतीक्षित नल-जल योजना सिर्फ पाइप बिछाकर शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। तपती गर्मी और पानी की किल्लत से जूझते स्थानीय लोग अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। गुरुवार को महिलाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों के बुलावे पर जिला कांग्रेस कमेटी के निलंबित जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय अपनी पूरी टीम के साथ वार्ड नंबर तीन पहुंचे। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए उन्हें जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नल-जल योजना के पाइपों में पानी नहीं आया। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉ. पांडेय ने तत्काल सदर एसडीएम से टेलीफोन पर बात की। एसडीओ ने मामले को संज्ञान में लेकर स्वयं देखने की बात कही।
डॉ. पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आने वाले दिनों में पानी की समस्या नहीं सुलझी तो बक्सर नगर परिषद के खिलाफ जिला कांग्रेस आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रमोद ओझा, त्रिलोकीनाथ मिश्रा, विनय कुमार सिंह, संजय दुबे, संजय पांडेय, त्रियोगी मिश्रा, जय राम राम, भोला ओझा, निर्मला देवी, आशा देवी, अकबरी खातून, अभय मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। वार्ड की महिलाएं प्रमिला देवी, उर्मिला देवी, रीता देवी, शिव दुलारी देवी, गीता देवी, उषा देवी, बसंती देवी, मजमा खातून, चिंता देवी, रानी देवी, प्रतिमा देवी, शारदा देवी, मनी देवी समेत दर्जनों महिलाओं ने एक स्वर में पानी की मांग की। सभी ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की गुहार लगाई।