ग्रामीणों ने लिया बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प बक्सर खबर। सदर प्रखंड के उमरपुर पंचायत स्थित बड़का गांव में सोमवार को बाल विवाह मुक्त भारत विषय पर जागरूकता नुक्कड़ सभा एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया धनंजय मिश्रा ने की। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही औद्योगिक थाना प्रभारी सुरेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सभा के दौरान आशा इकाई सदस्य, पैनल अधिवक्ता दीपिका केशरी एवं राजेश कुमार तथा पीएलवी शत्रुघ्न सिन्हा, रामजी यादव, प्रमोद कुमार, कवींद्र पाठक, मनन कुमार सिंह और रामराज सिंह ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
नाटक के माध्यम से बताया गया कि बाल विवाह से किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह न केवल सामाजिक कुप्रथा है, बल्कि यह एक दंडनीय अपराध भी है। ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए अपील की गई कि किसी भी प्रकार की बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकार या हेल्पलाइन नंबर 15100 पर दें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से अपने गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।































































































