-चेतावनी सीमा से 23 सेमी उपर, तेज है रफ्तार
बक्सर खबर। गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। बुधवार की रात से ही इसमें बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार को अपराह्न तीन बजे जिला मुख्यालय में पानी का उच्चतम स्तर 59.55 मीटर आंका गया। जो चेतावनी सीमा से 23 सेमी ज्यादा है। केन्द्रीय जल आयोग के सहायक अभियंता प्रशांत चौरसिया से पूछने पर उन्होंने बताया कि तीन से चार सेमी पानी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। पांच दिन पहले पानी का उच्चतम स्तर लगभग इतना ही था।
उसके बाद पानी का बढ़ाव थम गया था। लेकिन, इस बार बढ़ने की रफ्तार पहले से भी ज्यादा है। ऐसे में यह डर बना हुआ है कि पानी खतरे के निशान तक पहुंच सकता है। क्योंकि अपने जिले में चेतावनी सीमा 59.32 है और खतरे का निशान 60.32 मीटर है। लगभग 70 सेमी दूर है। अगर यही रफ्तारी जारी रही तो शुक्रवार की शाम तक पानी खतरे के निशान को छू सकता है। सूचना के अनुसार प्रयागराज और वाराणसी में भी पानी बढ़ रहा है। ऐसे में सभी को सजग रहने की जरूरत है।

































































































