-विद्यालय परिवार ने आयोजित किया सम्मान समारोह, पहुंचे प्रबुद्धजन
बक्सर खबर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में मंगलवार को फेयरवेल का आयोजन हुआ। उत्सवी माहौल में दसवीं और बारहवीं बोर्ड के परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहर के कई प्रबुद्धजन, शिक्षा ,चिकित्सा, समाज सेवा, व्यवसाय और मीडिया से जगत से जुड़े लोग शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं दी और लगन से पढ़ाई करने की सीख भी। परीक्षा में सफल होने की तकनीक, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर विस्तार से विचार रखे गए। बक्सर पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती प्रीति सिंह ने बच्चों को परीक्षा में बेहतर करने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो बच्चे माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान नहीं करते वे सामाजिक जीवन से भटक जाते हैं।
शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ महेंद्र प्रसाद ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जीवन के अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं और आप सभी को मन लगाकर पढ़ने की जरूरत है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर तनवीर फरीदी ने कहा कि बच्चों में आजादी के साथ-साथ अनुशासन आवश्यक है। यदि आजादी में अनुशासन नहीं होगा तो भविष्य प्रभावित होना तय है। बक्सर पब्लिक स्कूल के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को शिद्दत से पढ़ाई करने का संदेश देते हुए कहा कि मोबाइल फोन बौद्धिक और मानसिक क्षमता को कमजोर कर रहा है। बच्चों को फेसबुक , रिल्स और सोशल मीडिया से दूर रहकर अपने सपनों के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का बढ़ता प्रभाव बच्चों और युवाओं को किताबों से दूर कर रहा है। सोशल मीडिया, शॉर्ट, वीडियो कंटेंट बच्चों की एकाग्रता, धैर्य और उनके सोचने समझने की क्षमता को को कम कर रहे हैं।
विद्यालय परिवार के साथ दसवीं और बारहवीं के छात्र
अन्य वक्ताओं में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद डॉक्टर, रेडक्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय मिश्रा, रेड क्रॉस सोसाइटी पटना के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, सत्यदेव मिल के मालिक विश्व देव प्रसाद, व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दिलीप वर्मा, प्रभात खबर के मृत्युंजय सिंह, दैनिक जागरण के शुभ नारायण पाठक, समाजसेवी राकेश कुमार महतो, बिहार सेंट्रल स्कूल के सचिव सरोज कुमार सिंह, शशांक शेखर और अजय मानसिंहका सहित अन्य कई लोगों ने अपने विचार रखें। विदा लेते समय सभी शिक्षक शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की आंखें नम हो गई, वातावरण पूरी तरह से भाव विभोर हो गया। कक्षा नवीं के छात्र छात्राओं ने और विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने दसवीं के विद्यार्थियों को पेन, डायरी सहित कई उपहार भेंट किए और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।