-दो भाइयों के मध्य आपसी विवाद के कारण हुआ ऐसा
बक्सर खबर। शहर के पीपी रोड में पुरानी कचहरी के समीप कुछ लोगों ने गोली चला दी। घटना बुधवार दोपहर एक बजे के लगभग की है। सूचना मिलते ही मौके पर नगर कोतवाल संजय कुमार भी पहुंचे। वहां पूछताछ में पता चला कि यह दो भाइयों के मध्य विवाद का मामला है। पुरानी कचहरी के गेट के ठीक सामने गली है। उसमें सरस्वती गारमेंट नाम की दुकान है। वहां छह-सात की संख्या में युवक पहुंचे। पहले उनके मध्य विवाद हुआ और मारपीट हुई। वहां से निकलते समय एक युवक ने हवा में दो चक्र गोलियां चलाई।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने पूछने पर कहा पूछताछ चल रही है। शिकायतकर्ता आशीष ने पुलिस से कहा मुझे बहुत मारा गया है। हालांकि उसके शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं थे। एक दो जगह नाखून लगने जैसा था। घटना के संबंध में बातचीत करने पर स्थानीय सूत्रों ने बताया सतीश और आशीष दो भाई हैं। उनके मध्य विवाद था। एक ने दुकान में ताला जड़ दिया। दूसरा उसे आकर तोड़ने लगा। इसी के कारण ऐसा हुआ। वैसे पुलिस पूरे मामले की जांच रही है।

































































































