–भावुक हुए कार्यकर्ता, कहा संगठन को हुई अपूरणीय क्षति बक्सर खबर। भाजपा के दिवंगत नेता और सदर प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख संजय तिवारी की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों और शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके तेलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता एवं पूर्व प्रत्याशी प्रदीप दुबे ने कहा कि “संजय तिवारी मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के धनी थे। उन्होंने एक समाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। सदर प्रखंड के उप प्रमुख रहते हुए वह हमेशा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के सदस्य के रूप में भी उनका योगदान सराहनीय रहा।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “भाजपा एक परिवार की तरह है और इसमें जुड़े हर कार्यकर्ता को समान सम्मान मिलता है। संजय तिवारी संगठन को मजबूती देने वाले सच्चे सिपाही थे। उनके चले जाने से पार्टी और संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है।” क्रितपुरा निवासी एवं भाजपा नेता राघवेंद्र राय ने भावुक होते हुए कहा कि “संजय तिवारी मेरे अच्छे मित्रों में से थे। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल पार्टी बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी गहरी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।” इस अवसर पर डॉ. राजेश मिश्रा, नवीन निश्चल, चतुर्वेदी, सोनू राय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय, रानी चौबे, मदन राय,अनिल तिवारी, मनीष पांडेय, डॉ सलीम, उनके पुत्र रिशु तिवारी, पिशु तिवारी समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक लोग मौजूद रहे।