– पार्टी की सदस्यता पर नहीं बोले खुलकर, मिथिलेश पाठक ने निभाई भूमिका
बक्सर खबर। ख्याति प्राप्त भोजपुरी कलाकार भरत शर्मा जन सुराज में शामिल हो गए हैं। यह बात लोगों को उस वक्त पता चली जब वे डुमरांव के भोजपुर में आयोजित प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव यात्रा के मंच पर नजर आए। प्रशांत किशोर ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। हर तरफ ताली बजने लगी। क्योंकि भरत शर्मा भोजपुरी जगत के सबसे बड़े कलाकारों में एक हैं। इससे पहले उनका साथ भाजपा से था। मंच पर पहुंचे मीडिया के लोगों ने उनसे सवाल किया।
आप जन सुराज में शामिल हो गए हैं, इससे भाजपा को बड़ा झटका लगा है, क्या कहेंगे? लेकिन, उन्होंने खुलकर इन सवालों का जवाब नहीं दिया। इतना जरूर कहा, मैं अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। अर्थात भरत शर्मा अभी किसी ठोस निर्णय पर नहीं पहुंचे हैं। हालांकि वे ब्रह्मपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में वे निर्दलीय ही मैदान में आए थे। इस वजह से यह अनुमान लगाया जा रहा है।

अगर जन सुराज ने उन्हें ब्रह्मपुर विधानसभा से उम्मीदवार बनाया तो शायद वे जन सुराज के रथ पर सवार हो जाएं। भरत शर्मा को जानने वालों ने बताया, जन सुराज के कार्यक्रम में शामिल होने की उनकी कोई योजना नहीं थी। हाल ही में भाजपा छोड़ जन सुराज में गए युवा नेता मिथिलेश पाठक के कारण ऐसा हुआ। पाठक का भरत शर्मा से पुराना संबंध है। और वे ही उस मंच तक उन्हें ले जाने में सहायक बने। अब आने वाले समय में राजनीति क्या करवट लेती है। यह तो आने वाला समय बताएगा।
































































































