महादलित, दलित व अल्पसंख्यक समुदाय की नवसाक्षर महिलाएं होंगी शामिल बक्सर खबर। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार महादलित, दलित, अल्पसंख्यक एवं अतिपिछड़ा वर्ग की 15 से 45 वर्ष आयु की नवसाक्षर महिलाओं के लिए बुनियादी साक्षरता परीक्षा आगामी 7 दिसंबर को जिले के सभी निर्धारित संकुलों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा अक्षर आंचल योजना के तहत वर्ष 2024-25 के प्रथम व द्वितीय चरण तथा 2025-26 के प्रथम चरण में नामांकित महिलाओं के लिए होगी। यह परीक्षा पूरी तरह निःशुल्क है और महिलाओं की पढ़ने-लिखने एवं गणितीय समझ का आकलन करेगी। प्रश्न-पत्र तीन भागों पढ़ना, लिखना और गणित में होगा। प्रत्येक भाग 50 अंकों का, यानी कुल 150 अंकों की परीक्षा। प्रश्न-पत्र में प्रत्येक सवाल के नीचे उत्तर लिखने के लिए जगह दी गई है।
जहां-जहां अक्षर आंचल योजना के संकुल संचालित हैं, वहीं परीक्षा आयोजित होगी। जरूरत पड़ने पर दो–तीन संकुल मिलाकर एक केन्द्र बनाया जाएगा। उस विद्यालय के प्रधानाध्यापक केन्द्र प्रभारी होंगे और शिक्षा सेवक सहयोग करेंगे। प्रत्येक शिक्षा सेवक को अपने केन्द्र की कम से कम 20 नवसाक्षर महिलाओं को परीक्षा में शामिल कराना अनिवार्य है। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। किसी भी परीक्षार्थी को अधिकतम तीन घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा केन्द्र पर धूम्रपान प्रतिबंधित रहेगा और पानी-शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। 12 दिसंबर तक मूल्यांकन, ग्रेड ए, बी और सी में परिणाम उत्तर पुस्तिकाएं 8 दिसंबर तक बीआरसी में जमा होंगी और वहीं मूल्यांकन होगा। इस परीक्षा में पास-फेल का प्रावधान नहीं है, बल्कि ए अच्छा, बी संतोषजनक और सी सुधार की आवश्यकता ग्रेड दिए जाएंगे। ग्रेड सुधार चाहने वाली महिलाएं अगली परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगी। जिला प्रशासन ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ किया जाए।



























































































