-पैक्स सदस्यों ने किया मतदान, चौथे प्रयास में हुआ गठन
बक्सर खबर। चौसा प्रखंड में पिछले तीन बार से व्यापार मंडल गठन का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन, सफलता चौथी बार में मिली। सात सदस्यीय टीम के साथ अध्यक्ष का चयन कर लिया गया। रामपुर पैक्स अध्यक्ष आशीष राय निर्विरोध चौसा के व्यापार मंडल अध्यक्ष बने। उनके साथ सात सदस्यीय टीम भी निर्विरोध चयनित हुए। पूर्व से ही चुनाव की तिथि घोषित थी। सभी सदस्य प्रखंड मुख्यालय पहुंचे हुए थे।
सबने मिलकर आपसी सहमति से सदस्यों का चयन कर लिया। बीडीओ अशोक कुमार द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए सभी चयनित अध्यक्ष व सदस्यों को प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। जिसमें आशीष को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। चुनाव समिति के अनुसार प्रखंड में जितने पैक्स हैं उसके अलावा एक दुग्ध उत्पादक व एक मधुमक्खी पालन केंद्र है। जिनको लेकर कुल संख्या 11 है। चुनाव प्रक्रिया से सफल संचालन प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह चौसा बीडीओ अशोक कुमार की तत्परता से संपन्न हुआ। गठन के बाद किसान मुन्ना राय पूर्व मुखिया ब्रिज बिहारी सिंह चौसा बिजेंदर राय उर्फ बद्दू राय आदि लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए स्वागत किया है।

































































































