प्रशासन ने सड़क किनारे से जप्त किया भारी मात्रा में बालू और गिट्टी

0
1297

निजी लोगों के साथ संवेदकों पर भी गिरी गाज, बिना लाइसेंस भंडारण पर होगी कड़ी कार्रवाई                                    बक्सर खबर। जिला प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक सड़कों के किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को हटाने के लिए पूर्व में जारी निर्देशों के बावजूद लापरवाही सामने आने पर गुरुवार को सख्त कार्रवाई की गई। खनन विभाग की टीम ने आईटीआई फील्ड रोड क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाकर सड़क किनारे रखे लगभग 720 सीएफटी बालू एवं 540 सीएफटी गिट्टी को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जप्त कर लिया। इस कार्रवाई में नगर परिषद का भी सहयोग रहा। प्रशासन द्वारा पूर्व में समाचार पत्रों एवं नोटिस के माध्यम से सभी संबंधित व्यक्तियों, संस्थाओं एवं संवेदकों को निर्देश दिया गया था कि वे यातायात की सुगमता और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे रखी सामग्री को तत्काल हटा लें। इसके बावजूद कई स्थानों पर निर्माण सामग्री पाई गई, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि निजी व्यक्तियों के अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के संवेदकों द्वारा भी सामग्री सड़क किनारे रखी गई थी। इनमें पथ निर्माण विभाग सहित अन्य विभागीय कार्यों से संबंधित सामग्री शामिल थी। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्माण सामग्री केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही रखी जाए, ताकि यातायात बाधित न हो। बालू एवं गिट्टी के विक्रय से जुड़े दुकानदारों और व्यवसायियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमानुसार आवश्यक ‘K’ लाइसेंस अवश्य प्राप्त करें। बिना वैध लाइसेंस के भंडारण या विक्रय की स्थिति में सामग्री जप्त कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करना है। भविष्य में भी इसी प्रकार पारदर्शी एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here