– वास्तविक खाता धारक ने लगाया साइबर ठगी का आरोप, दो नामजद
बक्सर खबर। दूसरे के नाम पर खाता खोल सवा करोड़ से अधिक की हेरा-फेरी करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को ही उक्त आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया। जिसका नाम अनमोल तिवारी है। पुलिस के अनुसार उसने एक करोड़ 37 लाख 70 हजार रुपये की फजी जमा और निकासी की है। संभव है यह रकम साइबर ठगी की हो। आरोपी युवक इटाढ़ी थाना के बैरी गांव का रहने वाला है।
इसी गांव के संजीत कुमार कुशवाहा ने साइबर थाने में इसकी शिकायत नौ फरवरी को दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक दिन के अंदर ही आरोपी को धर दबोचा। प्राथमिकी के अनुसार संजीत के भाई हेमंत कुमार जो स्वभाव से भोला है। उसे गांव के दो युवक अनमोल व धनंजय ने लोन दिलाने के नाम पर दो खाते खुलवाए। उसके नाम से फोन नंबर भी लिया। और खाता खुलने के उपरांत बैंक के कागजात व एटीएम वगैरह अपने पास रख लिए। वे लोग उससे लेनदेन करने लगे। इस पर बड़े भाई को शक हुआ। उसने छोटे को चेक वगैरह पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया।
महाराष्ट्र बैंक के उस खाते को जाकर चेक कराया तो पता चला। उसमें 1,37,70,955 रुपये जमा हुए हैं और कुछ समय बाद वह राशि निकाल भी ली गई। दूसरे खाते में 817 रुपये हैं जो यथावत हैं। इसकी शिकायत पुलिस को मिली तो उसके कान भी खड़े हुए। इनमें से एक आरोपी अनमोल को साइबर थाने की टीम ने दबोच लिया। हालांकि पूछताछ में यह रकम कहां से आई इसकी जानकारी पुलिस ने साझा नहीं की है। यह जानकारी एसपी कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जारी की है।































































































