भाजपा-भाजयुमो ने कहा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर है केंद्रीय बजट 2026, युवाओं और महिलाओं के लिए खुले प्रगति के द्वार बक्सर खबर। केंद्रीय बजट 2026 के प्रसारण के बाद भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे और अबीर-गुलाल लगाकर बजट का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पाण्डेय ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, गरीब, महिला और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उनके अनुसार बजट में युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के ठोस प्रावधान किए गए हैं, जिससे नए अवसर सृजित होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश के सर्वांगीण विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राजेश सिन्हा ने बजट को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का एक्सप्रेस-वे बताया। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों के तकनीकी सशक्तिकरण, लखपति दीदी योजना के विस्तार, प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास निर्माण, दिव्यांग कौशल एवं सहारा योजना जैसी घोषणाएं सराहनीय हैं। खादी-हस्तशिल्प प्रोत्साहन और सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर देश की विकास गति को तेज करेंगे। शिक्षा क्षेत्र के लिए 1,39,289 करोड़ रुपये का प्रावधान युवाओं को हुनर और रोजगार से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। कार्यक्रम में रूपेश दुबे, विपुल राय, सत्येंद्र पाण्डेय, लक्ष्मण शर्मा, विनोद राय, पुनीत सिंह, सतीश त्रिपाठी, राजीव रंजन सिंह, सोनू राय, सुशील राय, अक्षय ओझा सहित भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































































































