-आई टी आई मैदान में निर्माण कार्य प्रारंभ, प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
बक्सर खबर। जिले में राष्ट्रीय स्तर का खेल मैदान विकसित होगा। इसके निर्माण पर 43 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान इसकी घोषणा की थी। इसका कार्य भी आई टी आई मैदान चरित्रवन में प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण का जिम्मा बिहार राज्य भवन निर्माण निगम को दिया गया है। सूचना के अनुसार मैदान का निर्माण इस तरह करना है कि बारिश के मौसम में भी खेल पर प्रभाव नहीं पड़े। अर्थात बरसात के मौसम में भी इसे बंद नहीं करना पड़े।
इसके लिए भूमिगत जल निकासी का इंतजाम किया जाएगा। मैदान को क्रिकेट, फुटबाल, वालीबाल, कबड्डी आदि हर तरह के खेल के लिए विकसित किया जाएगा। इसमें चारों तरफ फ्लड लाइट भी लगेगी। खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, योग अभ्यास का स्थान व ठहरने का पूरा इंतजाम होगा। इसके बनने से जिले ही नहीं आस-पास के सभी जिलों को लाभ मिलेगा। राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित हो सकेंगी। साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यकता के अनुरूप खेलों का प्रशिक्षण मिल सकेगा। इसका प्रभाव जिले की अर्थव्यवस्था पर विकास पर भी सीधे पड़ेगा।





























































































