-आरोपी गिरफ्तार, घायल का चल रहा है उपचार
बक्सर खबर। घर में सो रही अधेड़ महिला पर गांव के ही युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। महिला ने शोर मचाया तो वह भाग खड़ा हुआ। घायल को फिलहाल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया है। उनका नाम शिला देवी (50वर्ष) है। घटना सिकरौल थाना के भदार गांव की है। ग्रामीणों ने बताया महिला के ऊपर गांव के ही धीराजन मुसहर ने चाकू से प्रहार किया है।
उनके चेहरे, गर्दन, कंधे पर जख्म के निशान हैं। वह भदार के ही रमन सिंह की पत्नी हैं। इस घटना की सूचना मिलने के उपरांत सिकरौल की पुलिस गुरुवार को मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को पूछताछ में बताया बुधवार की रात 11 बजे के लगभग धीराजन उनके घर में दाखिल हुआ। और महिला के ऊपर चाकू से हमला बोल दिया। इसकी क्या वजह है। यह ज्ञात नहीं हो सका है। आरोपी से भी पूछताछ चल रही है। शुक्रवार को उसे जेल भेजा जाएगा।