बिहार सेंट्रल स्कूल में तिलक और पुष्पवर्षा के साथ नई कक्षाओं में पहुंचे छात्र

0
19

विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने दिया सफलता का मंत्र, डॉक्टर-इंजीनियर बनकर देश की सेवा कर रहे हैं यहां के पूर्व छात्र                                                                  बक्सर खबर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में बुधवार को सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर वर्ग प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान अपने-अपने वर्ग में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों का नई कक्षा में प्रवेश पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज कुमार सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए कहा कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन ही जीवन में सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के सैकड़ों छात्र आज डॉक्टर, इंजीनियर एवं विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारी बनकर देश की सेवा कर रहे हैं, जो संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि हर वर्ष प्रवेशोत्सव के आयोजन से बच्चों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों का माल्यार्पण, रोली का तिलक एवं पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। नई कक्षा में प्रवेश से पूर्व सभी छात्रों ने माता सरस्वती की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिससे पूरे वातावरण में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक छटा बिखर गई। विद्यालय के उप-प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने कहा कि स्कूल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का भी ज्ञान दिया जाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है। वहीं शिक्षिका मधु सिन्हा ने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि इसी तालमेल से विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here