आज तीन घंटे ठप रहेगी बिजली आपूर्ति

0
1330

दोपहर 12 से 3 बजे तक कटौती, शहरी-ग्रामीण दोनों क्षेत्र प्रभावित                                                                 बक्सर खबर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इटाढ़ी,नाथपुर स्थित ग्रिड से जुड़े पांच प्रमुख सबस्टेशनों की विद्युत आपूर्ति दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बंद रहेगी। यह कटौती ग्रिड और संबंधित सबस्टेशनों पर आवश्यक तकनीकी मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के लिए की जा रही है। ग्रिड अधिकारी पार्थ गौरव ओझा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि ग्रिड परिसर में 33 केवी मेन बेस पर तकनीकी मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य प्रस्तावित है। इस कारण निर्धारित समयावधि में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। इस दौरान चरित्रवन, औद्योगिक क्षेत्र, पांडेयपट्टी, चौसा और पुरुषोत्तमपुर सबस्टेशन से जुड़े सभी इलाकों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।

कटौती का असर जिला मुख्यालय सहित शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों पर पड़ेगा। दोपहर के समय बिजली आपूर्ति ठप रहने से घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों, छोटे व्यवसायों और औद्योगिक इकाइयों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों के अनुसार, ग्रिड से आपूर्ति बंद रहने के दौरान संबंधित सबस्टेशनों में भी एक साथ रखरखाव कार्य किया जाएगा, जिससे भविष्य में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्याओं में कमी आएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य पूर्व निर्धारित है और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने आवश्यक कार्य निपटा लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here