सेन्ट्रल जेल: खेल के मैदान में दिखा बंदियों का दम, अब सीखेंगे कंप्यूटर

0
117

बिहार कारा दिवस पर विजेताओं को मिला सम्मान, बंदियों के लिए शुरू हुआ कंप्यूटर प्रशिक्षण                          बक्सर खबर। केंद्रीय कारा में शुक्रवार को बिहार कारा दिवस पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर कारा प्रशासन ने बंदियों के साथ संवाद कर उन्हें हर वर्ष 12 दिसंबर को मनाए जाने वाले कारा दिवस के उद्देश्य और इसके महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में बंदियों के बीच आयोजित खेल प्रतियोगिताएं, मैदान में प्रतिस्पर्धा के साथ आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा नजर आई। सेन्ट्रल जेल परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, कैरम बोर्ड, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के साथ-साथ जलेबी दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।

बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में राहुल कुमार सिंह ने प्रथम और शिवशंकर भारती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल में सुनील पाठक और पप्पू यादव विजेता रहे। शतरंज में छोटू मिश्रा और रविनंदन सोनार, जबकि कैरम बोर्ड में दिनेश सोनार और सूरज राजभर ने बाजी मारी। दौड़ प्रतियोगिताओं में भी जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। 100 मीटर दौड़ में संदीप सिंह पहले और रमाकांत दूसरे स्थान पर रहे, वहीं 200 मीटर दौड़ में पंकज पाठक ने प्रथम और बूचन भारती ने द्वितीय स्थान हासिल किया। मनोरंजक जलेबी दौड़ में मेहंदी हसन और राकेश पासवान को क्रमशः प्रथम और द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया।

फोटो – जेल परिसर में 15 दिवसीय कम्प्यूटर कोर्स का शुभारंभ करते अधिकारी

जेल अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल बंदियों के मानसिक और शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इसी कड़ी में बिहार कारा दिवस के अवसर पर जेल परिसर में नाएलेट द्वारा 15 दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ भी किया गया। इस प्रशिक्षण में 40 बंदियों को कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here