चौसा प्रखंड के विभिन्न सरकारी संस्थानों का किया औचक निरीक्षण बक्सर खबर। चौसा प्रखंड के बानारपुर में किसानों और थर्मल पावर प्लांट प्रबंधन के बीच चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को सदर विधायक आनन्द मिश्र गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने बैठे। विधायक ने पहले प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से विस्तार से बातचीत की और पावर प्लांट से जुड़ी परेशानियों की जानकारी ली। ग्रामीणों की भीड़ देखते ही उन्होंने मौके पर ही जनता दरबार लगा दिया, जहां लोगों ने खुलकर अपनी शिकायतें रखीं।
विधायक ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि मैं सदैव किसानों और ग्रामीणों के साथ खड़ा हूं। उनकी समस्याओं का समाधान मेरी प्राथमिकता है। बानारपुर के बाद विधायक आनन्द मिश्र ने चौसा प्रखंड के कई विभागों और सार्वजनिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने बीडीओ और सीओ से मुलाकात की तथा जनता के कामों में देरी और अनावश्यक परेशानियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित के कार्यों में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का शीघ्र समाधान होना चाहिए।

इसके बाद विधायक ने कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था, युवाओं की उपस्थिति और चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की। चौसा सर्व शिक्षा केंद्र और जीविका केंद्र के दौरे में उन्होंने शिक्षा व महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। अंत में पीएचसी पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, संसाधनों और मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया। कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अस्पताल प्रशासन को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।






























































































