सहयोगी विक्की उपाध्याय भी दबोचा गया, चौसा पावर प्लांट के पास चली थी गोली बक्सर खबर। जिले की मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित अर्जुन यादव हत्या कांड संख्या-232/25 के मुख्य शूटर निखिल यादव को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी शुभम आर्य ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। सहयोगी विक्की उपाध्याय को भी गिरफ्तार किया गया है। बीते 26 मई को चौसा पावर प्लांट के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी अर्जुन यादव पिता–स्व. सुरेंद्र यादव को गोली मार दी थी। इलाज के दौरान अर्जुन यादव की मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की थी। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य शूटर निखिल यादव और उसके सहयोगी विक्की उपाध्याय फरार थे।
लगातार आसूचना संकलन और छापेमारी के बीच पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली कि निखिल यादव इलाज कराने बक्सर आया है। इसके बाद एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी टीम ने आईटीआई रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार उसके साथी विक्की उपाध्याय के घर ग्राम–सुकरवलिया, थाना–ईटाढ़ी में छिपाए गए हैं। निखिल की निशानदेही पर ईटाढ़ी थाना पुलिस और एसआईटी ने छापामारी कर वहां से 01 देशी कट्टा, 01 एक नाली देशी राइफल, 80 खोखा, 06 जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं विक्की उपाध्याय को भी गिरफ्तार कर ईटाढ़ी थाना कांड संख्या-195/25 दर्ज किया गया है। उसने भी मुफस्सिल थाना के हत्याकांड में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

गिरफ्तार शूटर निखिल यादव पिता–स्व. गोकुल यादव, निवासी–परसुपुर, थाना बरेसर, जिला गाजीपुर यूपी पर उत्तर प्रदेश व बिहार में दर्ज 13 से अधिक गंभीर मामले हैं, जिनमें— हत्या का प्रयास, लूट, गिरोहबंदी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस, आयुध अधिनियम जैसे संगीन मामले शामिल हैं। बक्सर का यह हत्याकांड उसका नवीनतम अपराध है। इस सफल अभियान में एसडीपीओ सदर गौरव पांडेय, पु.नि. सुधीर कुमार, प्रभारी जिला आसूचना इकाई, पु.अ.नि. चंदन कुमार (डीआईयू), पु.अ.नि. सोनू कुमार पासवान, थानाध्यक्ष ईटाढ़ी, पु.अ.नि. चंदन कुमार-02 (मुफस्सिल थाना), सशस्त्र बल एवं जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रहे। एसपी शुभम आर्य ने कहा कि शूटरों की गिरफ्तारी इस कांड की बड़ी सफलता है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





























































































