कांग्रेस कार्यालय में संगोष्ठी, प्रतिमा पर माल्यार्पण और कायस्थ परिवार ने मनाई जयंती बक्सर खबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 155वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 120वीं जयंती पर गुरुवार को पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। कांग्रेस कार्यालय से लेकर कायस्थ परिवार के जिला कार्यालय तक कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बच्चों ने दोनों महान विभूतियों को याद किया। जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। गांधी-शास्त्री के तैल चित्र पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। डॉ. पांडेय ने कहा कि गांधीजी और शास्त्री जी के अधूरे सपनों को पूरा करने का समय आ गया है। गांधीजी का योगदान स्वर्ण अक्षरों में हमेशा अमर रहेगा, वहीं शास्त्री जी ने जय जवान-जय किसान के नारे से गांव-गांव में चेतना जगाई।
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि गांधी और शास्त्री का पूरा जीवन सादगी और समाज सेवा को समर्पित था। कार्यक्रम में वीरेंद्र राम, संजय पांडेय, निर्मला देवी, रोहित उपाध्याय सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। समापन गुप्तेश्वर चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन से किया। गांधी जयंती पर अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस भी मनाया गया। कवलदह स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कामेश्वर पांडेय, राजाराम पांडे, राम प्रसन्न द्विवेदी, जमाल अली, दिनेश जायसवाल समेत कई लोगों ने गांधी-शास्त्री को नमन किया और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
कायस्थ परिवार के जिला कार्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता रखी गई। कार्यक्रम का नेतृत्व सुमन कुमार श्रीवास्तव ने किया और संचालन राजेश सिन्हा ने किया। बच्चों ने तैल चित्र पर अपनी रचनात्मकता दिखाई। साहित्यकार धनु लाल प्रेमातुर ने शास्त्री जी के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंग साझा किए। इस मौके पर समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।