-प्रति घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से हो रहा है इजाफा
बक्सर खबर। गंगा ने फिर विकराल रुप अख्तियार कर लिया है। सोमवार की शाम छह बजे पानी उच्चतम स्तर 60.02 मीटर तक पहुंच गया था। यह खतरे के निशान से महज 30 सेंटीमीटर दूर था। जब आप खबर पढ़ रहे हैं। यह लगभग 60.10 मीटर तक आ गया होगा। क्योंकि इसके बढ़ने की गति प्रति घंटे दो सेंटीमीटर है। अगर यही गति रही तो मंगलवार की सुबह आठ बजे तक पानी खतरे के निशान (60.32मीटर) को छू जाएगा। हालांकि जब पानी ऊपर आता है, तो उसकी गति कम होने लगती है। पिछले एक माह के दौरान चौथी बार ऐसा हुआ है। जब पानी खतरे के निशान के पास आ गया है।
केंद्रीय जल आयोग के कर्मियों ने बताया सोमवार की सुबह सात बजे पानी का उच्चतम स्तर 59.78 था। और शाम छह बजे 60.02 मीटर पहुंच गया। आप इसी से बढ़ने की गति स्वयं भी अनुमान लगा सकते हैं। रविवार को ही पानी चेतावनी बिंदु को पार कर गया था। फिलहाल ग्रामीण इलाकों से मिल रही सूचना के अनुसार गोविंदपुर मार्ग पर पानी चढ़ गया था। मंगलवार को चौसा-रामगढ़ पथ पर भी पानी चढ़ जाएगा। ऐसे में चौसा गोला से सटे बनारपुर गांव के निचले हिस्से में बने घर इसकी जद में आ जाएंगे। हमारी टीम इस पर नजर बनाए हुए हैं। अगर आप पाठकों के पास भी इससे जुड़ी कोई सूचना हो तो हमें कमेंट के माध्यम से जानकारी दे सकते हैं।































































































