—-मेदांता पटना के विशेषज्ञ करेंगे नि:शुल्क जांच, मानसिक स्वास्थ्य शिविर और कैरम टूर्नामेंट का भी होगा आयोजन बक्सर खबर। जिले के प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रो. एसके मिश्रा की 82वीं जयंती के उपलक्ष्य में 14 फरवरी को सुबह 11 बजे से शहर के एमवी कॉलेज परिसर में एक दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मेदांता पटना के सौजन्य से किया जा रहा है। शिविर में मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जो आपात स्थिति में जीवनरक्षक सिद्ध होता है। इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अवसर पर एक दिवसीय प्रो. एसके मिश्रा डिस्ट्रिक्ट कैरम टूर्नामेंट का भी आयोजन प्रस्तावित है। प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत सिंह एवं फाउंडेशन के सचिव डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में भाग लेकर लाभ उठाने की अपील की है।































































































