डाब के आयोजन में संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुति और सम्मान समारोह बक्सर खबर। भोजपुरी लोककला और सामाजिक चेतना के महान प्रतीक, भोजपुरी के शेक्सपियर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की जयंती गुरुवार की देर शाम पूरे उल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। डिस्ट्रिक्ट आर्टिस्ट एसोसिएशन ऑफ बक्सर द्वारा स्थानीय रेडक्रॉस भवन में आयोजित भव्य समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रख्यात चिकित्सक डॉ. महेंद्र प्रसाद और प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अरुण मोहन भारवि द्वारा भिखारी ठाकुर के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद 56 प्रकार के देसी व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया और देसी केक काटकर लोकनायक को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर भिखारी ठाकुर, क्रांति-दर्शिता विषय पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन डाब के अध्यक्ष, आयकर अधिवक्ता एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेश संगम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रेडक्रॉस के सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण मोहन भारवि ने कहा कि भिखारी ठाकुर केवल कलाकार नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव के संवाहक थे। उनकी रचनाओं ने विधवा विवाह, परदेशी जीवन और सामाजिक कुरीतियों पर गहरा प्रहार किया। अध्यक्षीय संबोधन में सुरेश संगम ने कहा कि डाब पिछले 32 वर्षों से कलाकारों के उत्थान और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है और भोजपुरी कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करता रहा है।

सांस्कृतिक क्रम में कलाकारों ने भिखारी ठाकुर की रचनाओं पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान प्रख्यात भोजपुरी गायक व नायक गोपाल राय की विरह गीत प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। समारोह के दौरान पत्रकारिता, साहित्य, संगीत और रंगकर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई विभूतियों को मोमेंटो, प्रमाण पत्र और पगड़ी देकर सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ पत्रकार राम एकबाल ठाकुर, अजय कुमार मिश्रा, गिरधारी अग्रवाल, संगीत शिक्षिका रागिनी जायसवाल, रंगकर्मी प्रदीप जायसवाल और समाजसेवी ओमजी यादव प्रमुख रहे। कार्यक्रम में चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद, रेडक्रॉस चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, लायंस क्लब के अध्यक्ष बृजकिशोर सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।































































































