सवर्ण समाज की 49% आबादी गरीबी रेखा से नीचे, अब होगा हक का संरक्षण: डॉ महाचंद्र प्रसाद 

0
227

–सवर्ण आयोग के अध्यक्ष का जिले में हुआ भव्य स्वागत                                                                बक्सर खबर। सवर्ण आयोग के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार जिला मुख्यालय पहुंचे पूर्व मंत्री व छह बार के विधान पार्षद डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह का कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत में न सिर्फ फूलों की वर्षा हुई बल्कि अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. महाचंद्र ने कहा कि “सवर्ण समाज की स्थिति उतनी ही दयनीय है जितनी किसी अन्य वर्ग की। 49% सवर्ण गरीबी रेखा से नीचे हैं। दो वक्त की रोटी तक नहीं नसीब होती। यह आयोग उनके हक की आवाज बनेगा।”

उन्होंने कहा कि यह आयोग कोई राजनीतिक लाभ का जरिया नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ नीति के तहत सवर्ण गरीबों के उत्थान की दिशा में गंभीर पहल है।राजनीतिक लाभ के सवाल पर डॉ. महाचंद्र ने दो टूक जवाब दिया “अगर राजनीति करनी होती तो सवर्ण समाज की पीड़ा को वर्षों तक अनदेखा किया जाता। प्रधानमंत्री मोदी ने 10% आरक्षण देकर दिखा दिया कि उनके लिए हर वर्ग जरूरी है।” आगमन के दौरान डॉ. सिंह ने भरौली गोलंबर स्थित राष्ट्रवादी विचारक व स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. रमेश कुमार, विनोद राय, अक्षय राय, शिव मंगल राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह, स्वामी सहजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुहम्मदाबाद में आयोजित भव्य समारोह में भाग लेने के लिए बक्सर से रवाना हुए। उनके इस दौरे से जिले के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रेस वार्ता से पहले क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री सह भा.शि.मं. के उपाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार, स्मृति ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन के निदेशक ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। साथ में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शिव प्रसन्न राय, भाजपा के पुनीत सिंह, मनीष चौबे, अंजय चौबे सहित अन्य नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here