अधिकारियों को आवेदकों से सीधा संपर्क कर मूल समस्याओं को सुलझाने की हिदायत बक्सर खबर। सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला ने सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत जन सुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। कुल 39 आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राजस्व संबंधित मामले, पेंशन, आवास एवं अन्य जनहित के मुद्दे प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र समाधान करने पर बल दिया। जन सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे आवेदकों से सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं के मूल कारणों को समझें और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जन सुनवाई प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाना संभव होता है। जिला प्रशासन बक्सर आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए सतत प्रयासरत है। प्रशासन ने दोहराया कि जन सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।































































































