बक्सर खबर : ठगी करने वाले गिरोह जिले में काफी सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को ज्योति चौक पर अजीब घटना हुयी। धनसोई थाना के गंगापुर की रहने वाली महिला वहां बस पकडऩे के लिए बैठी थी। तभी बाइक सवार युवक के साथ महिला पहुंची। बातचीत में उसने पूछा आपको कहा जाना है। गांव का पता चलते ही उसने कहा मैं भी उधर जा रही हूं। मेरे साथ चलिए। महिला तैयार हो उसके साथ बाइक पर बैठ गयी। उसे कमपुर रोड में ले जाकर महिला और पुरुष की युगल जोड़ी ने लूट लिया। पीडि़त महिला गंगापुर गांव के पीडीएस डीलर रामएकबाल पासवान की पत्नी थी। उसके अनुसार वह अपने मायके यूपी के मुडेरवा गांव गयी थी। आज लौट रही थी। उसके पास कुछ रुपये, कान में सोने के टप्स, गले में चांदी की चेन थी। लूट जाने के बाद वह किसी तरह किसी तरह लोगों की सहायता से पुन: ज्योति चौक पहुंची। वहां से बस द्वारा अपने गांव। तब घर वालों ने यह हाल जाना कि वह लूट चुकी है। ग्रामीणों ने फोन से इसकी सूचना नगर थाना को दी। वहां से बताया गया कि आप मुफस्सिल थाने में संपर्क करें। यह घटना उसी इलाके में हुयी है। हालाकि मामला लूट का जरुर है। लेकिन, महिला की ना समझी के कारण ऐसा हुआ। किसी अनजान पर भरोसा करना आज के समय में उचित नहीं है।






























































































