बक्सर खबर : किसी के घर वालों पर उस समय क्या गुजरती होगी। जब उन्हें यह सूचना मिले कि आपके पच्चीस वर्षीय बेटे की मौत हो गयी है। वह भी तब जब परदेश में हो। जिले के केसठ गांव निवासी विश्वनाथ उपाध्याय के साथ भी ऐसा ही हुआ है। उनके पच्चीस वर्षीय पुत्र छोटकू उपाध्याय की मौत यूपी के नोएडा में हो गयी। बुधवार की सुबह वह घर से उस कंपनी के लिए निकला। जहां वह काम करता है। रास्ते में उसका सामना बारिश से हुआ। उसके कपड़े भीग गए। कंपनी पहुंचने में लेट हो गया। जाते ही मशीन चालू करने गया। पर संयोग ऐसा हुआ कि भीगे कपड़े की वजह से करंट उसके पूरे शरीर में दौड़ गया। मौके पर ही मौत हो गयी। छोटकू दो माह पहले ही गांव से वहां गया था। बड़े भाई अरविंद उपाध्याय भी वहां रहते हैं। वे शव को लेकर अपने गांव वापस लौट रहे हैं।































































































