चलाया जागरूकता अभियान, बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए किया प्रेरित बक्सर खबर। विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर प्रेरणा फाउंडेशन के सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रविवार को शहर के विभिन्न सेवा बस्तियों में बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया। फाउंडेशन के सदस्यों ने रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट और किला मैदान प्रक्षेत्र स्थित सेवा बस्तियों में जाकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को कॉपी, कलम और किताबें भेंट की। साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों को पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिषेक कुमार मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिसके जरिए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का भी उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता दिवस पर जहां लोग अपने अधिकारों की चर्चा करते हैं, वहीं अपने कर्तव्यों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विवेक सिन्हा ने सभी उपस्थित सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अभियान को सफल बनाने में फाउंडेशन के समर्पित सदस्यों अंकित पांडेय, राहुल ठाकुर, अंकित मिश्रा, मणिकांत, आशीष मिश्रा, कृष्णा मुरारी, रिशु मिश्रा और राज मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही।
































































































