बक्सर खबर। बिजली का करंट लगने से सोमवार की शाम मुन्नी देवी (55) की मौत हो गई। दुर्घटना राजपुर थाना के बभनी गांव की है। ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार संध्या के समय वह घर में काम कर रही थी। इसी बीच एक बक्से से सामान निकालने के दौरान उनका हाथ बिजली के तार से छू गया। तार कटा था इस वजह से पूरे शरीर में करंट दौड़ गया। उनके पति श्याम नारायण तिवारी भी उस समय किसी कार्य वश घर से बाहर थे। इस वजह से कोई उनकी मदद भी नहीं कर सका।

जब अचानक वह जमीन पर गिरी तो किसी ने आवाज सूनी। घर में जाकर देखा तो वह अचेत पड़ी थी। गांव के लोग उन्हें अस्पताल ले गए। लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस दुखद घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया। क्योंकि पति-पत्नी काफी मिलनसार स्वभाव के थे। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए बताया कि इससे पूरा गांव आहत है। आज मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार बक्सर स्थित गंगा घाट पर किया गया। घटना पर सत्येन्द्र तिवारी, शिवकंर तिवारी, ढुनमुन तिवारी, ज्ञानप्रकाश उपाध्याय ने गहरा दुख प्रकट किया है।


































































































