– पुलिस भी नहीं समझ पायी घटना की वजह
बक्सर खबर। सदर अस्पताल में शनिवार की सुबह अजीब मामला आया। खून से लथपथ रोहित पांडेय (23) पुत्र राजेश पांडेय को लेकर परिजन अस्पताल आए। उसका गला कटा हुआ था। परिजनों का कहना था, उसने स्वयं ही ऐसा किया है। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। लेकिन, कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर अपने गांव लौट गए।
वह युवक औद्योगिक थाना के साहोपारा गांव के निवासी था। घटना सुबह आठ बजे की है। पूछने पर औद्योगिक पुलिस ने कहा, सूचना मिलने पर हमारी टीम वहां गई थी। घर वालों ने कहा उसकी मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। फिलहाल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पूछने पर चिकित्सकों ने कहा बड़ी बेरहमी से गला रेता गया था। अब ऐसा क्यूं और कैसे हुआ यह तो परिवार वाले ही बात सकते हैं।




































































































