बक्सर खबर। कभी-कभी ऐसा होता है। जिसे सुन कर ही कलेजा मुंह में आ जाता है। शनिवार को धनसोई थाना के कर्जा गांव में चार वर्ष का मासूम बच्चा ड्रम में डूब गया। घर वालों को इसकी भनक घंटे भर बाद लगी । बेटे रंजीत का शव देखकर उसकी मां रानी का जो हाल हुआ। बस कहिए नहीं, उसे चुप कराने वाले भी रो रहे थे। ग्रामीणों ने बताया दुर्घटना विरेन्द्र खरवार के घर हुई। उनकी बेटी रानी अपने दो बच्चों के साथ 15 दिन पहले मायके आई थी।
आज सुबह उसका चार वर्षीय पुत्र खेलते हुए छत पर चला गया। वहां एक ड्रम रखा था। संभवत: वह उसमें झांक रहा होगा। बारिश से उसमें पानी जमा था। वह उसी में डूब गया। दूसरा कोई छत पर उस वक्त मौजूद नहीं था। जब आधे घंटे तक मां ने अपने बेटे को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। इधर-उधर देखने के बाद जब नहीं मिला तो कोई छत पर गया। वहां ड्रम में नजर गई तो दृश्य देखकर कोहराम मच गया। मां का बुरा हाल था। उसे किसी तरह सांत्वना दी गई। अब उसकी एक बेटी है। उसकी ससुराल वालों को भी घटना की सूचना दे दी गई। वे लोग कैमूर जिला के कुदरा थाना अंतर्गत भुड़वा गांव के निवासी हैं। जहां रानी की शादी हुई है।

































































































