-जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटकर संगठन मनाएगा उत्सव, सामाजिक और धार्मिक दिग्गजों की रहेगी उपस्थिति बक्सर खबर। सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और सामाजिक सेवा के लिए समर्पित संगठन विश्वामित्र सेना अपने स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर स्थापना दिवस सह कंबल वितरण समारोह का भव्य आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन 22 जनवरी को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 02 बजे तक शहर के सिपाही घाट के समीप वामन आश्रम खेल मैदान में संपन्न होगा। संगठन की ओर से बताया गया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा के साथ-साथ बक्सर की गौरवशाली सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त रूप से आगे बढ़ाना है। समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति प्रस्तावित है। विश्वामित्र सेना ने अपने गठन के महज एक वर्ष के भीतर ही समाज और संस्कृति के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक और प्रेरणादायी कार्य कर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। बीते एक वर्ष में संगठन द्वारा हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर सनातन गौरव का संदेश। पंचकोसी यात्रा एवं सनातन जोड़ो यात्रा का आयोजन। व्यापक सदस्यता अभियान, बोल बम सेवा पखवाड़ा। जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क शिक्षा केंद्रों का संचालन।
सनातन संस्कृति संरक्षण हेतु वेद गुरूकुलम की स्थापना। कंबल वितरण सहित अन्य सेवा कार्य। सामूहिक जनेऊ संस्कार जैसे पावन आयोजनों सहित अनेक जनकल्याणकारी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। संगठन ने रामरेखा घाट की आवाज से लेकर महर्षि विश्वामित्र पार्क, महर्षि विश्वामित्र स्टेशन, संगठन विस्तार और सनातन चेतना के जागरण तक निरंतर प्रयास किए हैं। इन पहलों के माध्यम से विश्वामित्र सेना ने बक्सर की देवभूमि स्वरूप पहचान को सहेजने और उसे राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इन उपलब्धियों ने उनके मनोबल को और अधिक सुदृढ़ किया है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि जब तक आराध्य प्रभु श्रीराम बक्सर अपनी शिक्षा-स्थली पर पुनः प्रतिष्ठित नहीं हो जाते, तब तक सेवा, तप, त्याग और संघर्ष की यह यात्रा अनवरत जारी रहेगी। विश्वामित्र सेना ने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सनातन संस्कृति के अनुयायियों से इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।





























































































