सनातन पर सवाल उठाने वाले ही असल में देशविरोधी मानसिकता रखते हैं: राजकुमार चौबे बक्सर खबर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे सदस्यों के साथ नगर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण करने पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया और सनातनी धरोहर को सहेजने एवं संरक्षित करने का संकल्प दोहराया। श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि बक्सर सनातन की धरोहर है, यहां की पहचान वैदिक परंपराओं और सनातनी मूल्यों से है। आज जो भव्य दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए हैं, वे जिलेवासियों की आस्था और भावनाओं की सजीव गवाही हैं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्मरण कराया कि एक समय ऐसा भी था जब लोग खुले में ‘श्रीराम’ का नाम लेने से हिचकिचाते थे। आज संपूर्ण जिला भगवामय है, और यह विश्वामित्र सेना के संघर्ष व तपस्या का परिणाम है। राजकुमार चौबे ने उन लोगों की कड़ी आलोचना की जो दुर्गा पूजा या दीपावली जैसे पर्वों पर व्यय और आतिशबाजी पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जब वे अपनी शादियों में अपार धन खर्च करते हैं, तो फिर हमारे धार्मिक उत्सवों पर आपत्ति क्यों? ऐसे लोग वास्तव में देशविरोधी और सनातन विरोधी मानसिकता रखते हैं। उन्होंने साफ कहा कि विश्वामित्र सेना सदैव सनातन संस्कृति की रक्षा, गौरव और परंपराओं के संवर्धन के लिए कटिबद्ध रही है और आगे भी अपने संकल्प पथ पर डटी रहेगी।