-देखने वालों का दहल गया कलेजा, रघुनाथपुर में हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। ट्रेन से उतरने के दौरान बुधवार को रघुनाथपुर स्टेशन पर दर्दनाक दुर्घटना हुई। दो वर्ष की बेटी को गोद में लिए मां का पैर फिसला वह ट्रेन के नीचे जा गिरी। गाड़ी चल चुकी थी। और काल का बना पहिया दोनों का जीवन समाप्त कर गया। यह घटना दोपहर एक बजे के लगभग हुई। जिसने भी सुना उसका कलेजा दहल गया। इस संबंध में पूछने पर रेल पुलिस बक्सर के थानाध्यक्ष ने बताया मृतका का नाम प्रियंका कुमारी था।
वह लगभग 25 वर्ष की रही होगी। उसकी गोद में दो वर्ष की बेटी थी। दोनों इस दुर्घटना के शिकार हो गए। साथ में उनके परिजन भी थे। जो रोहतास जिला के दावथ थाना अंतर्गत गांव की रहने वाली थी। पूछताछ में पता चला वे लोग बक्सर से दवा लेकर पैसेंजर ट्रेन से रघुनाथपुर जा रहे थे। उन्हें वहीं उतरना था। जहां उनके साथ यह अनहोनी हो गई। कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।