——–विश्वामित्र सेना ने शहर में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा बक्सर खबर। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को नगर परिषद क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे के आह्वान पर अहिरौली कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान नगर की सड़कें “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठीं। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, संगठन के कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे जोश और गर्व के साथ नगर भ्रमण किया।
इस मौके पर राजकुमार चौबे ने कहा कि “तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, यह हमारी अस्मिता, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। हमें इसे सम्मानित रखना है और आने वाली पीढ़ियों में देश प्रेम व एकता की भावना जगानी है।” यात्रा के जरिए विश्वामित्र सेना ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की याद दिलाई और देश के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।