—————मितनपुरवा गांव में हादसा, टूटे तार ने ली जान बक्सर खबर। जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मितनपुरवा गांव में बुधवार को करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक अधेड़ महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर झुलस कर जख्मी हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब महिला खेत में घास काटने गई थी। मृतका की पहचान गांव के स्व. रामाधार राय की पत्नी महदेईया देवी 55 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महदेईया देवी बुधवार दोपहर खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान रास्ते में गिरे बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही महिला उस तार के संपर्क में आई, वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त गांव का ही एक किशोर उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।सूचना मिलते ही इटाढ़ी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।